आसनसोल :- टोटो के बढ़ते वर्चस्व के कारण आसनसोल में मिनी बस सेवा लगातार दम तोड़ रही है। बाराबनी-दोमुहानी रूट पर तीन दिनों से मिनी बस सेवा बंद है और अब बर्नपुर बस स्टैंड से आसनसोल रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली मिनी बस सेवा भी रविवार से बंद हो गई है।
रविवार को बर्नपुर बस स्टैंड में मिनी बस चालकों ने बसों का परिचालन बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया। ड्राइवर और बस कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक मिनी बस सेवा बंद रहेगी। प्रदर्शन कर रहे बस चालकों ने आरोप लगाया कि बर्नपुर से आसनसोल रेलवे स्टेशन जाने वाली बसों को स्टेशन पर रुकने नहीं दिया जाता है। रुकने पर हर ट्रिप पर 50 रुपये की अवैध वसूली की जाती है। चालकों का कहना है कि पहले ही टोटो और ऑटो की भरमार से बसों की कमाई आधी हो गई है। ऊपर से हर ट्रिप पर 50 रुपये देने पड़े तो भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। पहले स्टेशन पर बस को थोड़ी देर रुकने दिया जाता था, वहां स्टैंड भी है, लेकिन अब मनमानी की जा रही है। बस कर्मियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है और गंदी-गंदी गालियां दी जाती हैं। वहीं अगर 13 नंबर मोड़ पर बस रोकी जाती है तो आरपीएफ के अधिकारी आकर डांट-डपट कर भगा देते हैं।
चालकों ने कहा कि टोटो की बेतहाशा वृद्धि से वैसे ही सवारी नहीं मिल रही है। स्टेशन पर रुकने की जगह नहीं मिलने से सवारी और भी कम हो गई है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जब तक रेलवे स्टेशन पर बसों को खड़ा होने की अनुमति और 50 रुपये वसूली बंद नहीं होती, तब तक बर्नपुर से आसनसोल स्टेशन तक मिनी बस सेवा बंद रहेगी।



0 Comments