आसनसोल :- आसनसोल शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से निपटने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस तथा जिला प्रशासन ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस नए ट्रैफिक प्लान के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर टोटो के परिचालन को नियंत्रित किया जा रहा है, जिसके तहत जुबली मोड़ पर टोटो की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसके अलावा ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए हटन रोड को वन-वे घोषित कर दिया गया है। नया रूट अब हटन रोड से इस्माइल अस्पताल, शनि मंदिर और आश्रम मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन तक प्रभावी रहेगा।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से इस पहल में सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। दूसरी ओर, अचानक लागू हुए इस बदलाव से स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास में स्कूल हैं और परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में अचानक वन-वे करने और दोपहिया वाहनों को भी रोक देने से छात्र समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। नागरिकों का तर्क है कि प्रशासन को इस फैसले की पूर्व सूचना देनी चाहिए थी और इसे आगामी पूजा त्योहारों के बाद लागू करना अधिक व्यावहारिक होता। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्कूली छात्रों के हित में नियमों में थोड़ी छूट दी जाएगी, लेकिन सभी को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।



0 Comments