आसनसोल :- आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत कुमारडुबी स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान अचानक बीमार पड़े एक रेल कर्मचारी की समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण मौत हो गई। इस घटना के बाद रेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मृतक की पहचान टीआरडी विभाग में कार्यरत ताहेर हुसैन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ताहेर हुसैन कुमारडुबी स्टेशन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयोगियों ने तुरंत विभागीय मुख्य स्वास्थ्य केंद्र से एम्बुलेंस की मांग की, लेकिन आरोप है कि एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। स्थिति लगातार नाजुक होती देख कर्मचारियों ने आनन-फानन में एक वरिष्ठ रेल अधिकारी की निजी कार से ताहेर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मचारियों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एम्बुलेंस और चालक दोनों मौजूद थे, लेकिन चालक के मना कर देने के कारण वाहन समय पर नहीं भेजा गया। घटना के विरोध में कर्मचारियों ने रेल अस्पताल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले ली गई है और उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। डीआरएम के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। इस हादसे ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब कार्यरत रेल कर्मी को ही आपात स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है, तो ट्रेनों में सफर करने वाले आम यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का क्या हाल होगा।

0 Comments