Asansol में टोटो के विरोध में दूसरे दिन भी मिनी बसों का परिचालन बंद, थाने में बैठक रही बेनतीजा

आसनसोल :- टोटो (ई-रिक्शा) के बढ़ते दबदबे और रूट पर सवारियों को उठाने को लेकर उपजे विवाद के विरोध में आसनसोल से दोमोहानी जाने वाली मिनी बस सेवा शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह ठप रही। मिनी बस मालिकों और चालकों का स्पष्ट कहना है कि जब तक टोटो के परिचालन को नियंत्रित नहीं किया जाता, तब तक वे बसों का परिचालन शुरू नहीं करेंगे। इस मुद्दे को लेकर मिनी बस चालकों ने क्रांति ड्राइवर संगठन के बैनर तले बाराबनी थाने के समक्ष जोरदार प्रदर्शन भी किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराबनी थाने में पुलिस प्रशासन, टोटो चालकों और मिनी बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच एक अहम बैठक बुलाई गई। बैठक के पश्चात बाराबनी थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखर्जी और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ दोमोहानी बाजार का संयुक्त निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि दोमोहानी बाजार क्षेत्र में टोटो के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी, उनके लिए अलग पार्किंग स्थल तय किया जाएगा और आसनसोल मार्ग से आने वाले टोटो उसी रास्ते से वापस लौटेंगे।


हालांकि, प्रशासन के इस निर्णय से मिनी बस के चालक, खलासी और कंडक्टर असंतुष्ट नजर आए। इसके बाद मिनी बस पक्ष के लोगों ने आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन कार्यालय का रुख किया, जहां अब इस गतिरोध को खत्म करने के लिए उच्च स्तरीय वार्ता की जा रही है। इस बीच, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। मिनी बस चालकों का आरोप है कि टोटो चालक मुख्य मार्गों पर गैर-कानूनी तरीके से सवारियां उठाकर उनके व्यवसाय को नुकसान पहुंचा रहे हैं और विरोध करने पर विवाद खड़ा करते हैं। वहीं दूसरी ओर, टोटो चालकों का कहना है कि वे नियम के अनुसार ही परिचालन करते हैं और मिनी बस चालकों द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। फिलहाल बसों का परिचालन बंद रहने से आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment

0 Comments