दुर्गापुर :- दुर्गापुर के पानागढ़ स्थित दार्जिलिंग मोड़ के पास मंगलवार तड़के एक तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित स्कूटी शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और बड़ी संख्या में स्कूटी जलकर राख हो गई। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) पर निकले, तो उन्होंने इमारत से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देखीं। अनहोनी की आशंका में लोगों ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। जब तक राहत कार्य शुरू होता, तब तक शोरूम में रखी सभी स्कूटियां जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। इस तीन मंजिला इमारत के पहले माले पर एक बच्चों का स्कूल संचालित होता है, जबकि दूसरे माले पर एक परिवार रहता है। आग सुबह के समय लगी थी, इसलिए स्कूल बंद था। अगर यह हादसा स्कूल के समय होता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। समय रहते उठाए गए कदमों से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि शोरूम मालिक को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।


0 Comments