मुर्शिदाबाद :- न्यू फरक्का स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त रेल लाइन की मरम्मत का काम शनिवार को बारिश थमने के बाद से बेहद तेजी से आगे बढ़ा है। दिन में ही रेलवे प्रशासन ने इस प्रभावित ट्रैक पर प्रायोगिक तौर पर ट्रॉयल शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी इस मार्ग पर यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं किया जाएगा। प्राथमिक ट्रॉयल सफल होने के बाद पहले दो डिब्बों वाली निरीक्षण वैन चलाई जाएगी और उसके बाद एलएचबी कोच युक्त ट्रेन चलाकर सुरक्षा का परीक्षण होगा। सभी मानक सही पाए जाने के बाद ही यात्री ट्रेनों को हरी झंडी दी जाएगी।
रेल अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत का कार्य अंतिम दौर में है और वे शनिवार रात तक फरक्का मार्ग से ट्रेन सेवाएं पूरी तरह सामान्य करने को लेकर आश्वस्त हैं। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) इताजीत कौर ने बताया कि कर्मचारी रात-दिन एक करके सेवाएं बहाल करने में जुटे हैं। हालांकि, मौसम अभी भी सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है और यदि फिर से बारिश शुरू होती है तो काम बाधित हो सकता है। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता किए बिना जल्द से जल्द सेवाएं बहाल करने का प्रयास जारी है।
ट्रैक की तेजी से मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को 'पावर ब्लॉक' लिया गया, जिससे रेल लाइन पर बिजली आपूर्ति पूरी तरह काट दी गई। इसके कारण प्रभावित मार्ग से गुजरने वाली कम से कम 160 ट्रेनों को डीजल इंजन के जरिए परिवर्तित मार्गों से चलाया गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही में औसतन एक घंटे से अधिक का अतिरिक्त समय लगा। उधर, घटनास्थल के पास मौजूद जलाशय के कारण ट्रैक धंसने का खतरा बना हुआ है, जिसे रोकने के लिए शिटिंग का काम जारी है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर मेडिकल टीम भी तैनात रखी गई है।




0 Comments