डिसरगढ़ के पुरुलिया ब्रिज पर सड़क हादसे में युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन


आसनसोल :- आसनसोल के डिसरगढ़ इलाके में स्थित पुरुलिया ब्रिज पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे व आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान सांकतोड़िया के हातीनल निवासी अचिंत घोष के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचिंत घोष अपनी ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया ब्रिज पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अचिंत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भड़क गए और सड़क पर उतरकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए और फरार वाहन को अविलंब जब्त किया जाए। 


दुर्घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना अंतर्गत सांकतोड़िया फांड़ी की पुलिस के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पुरुलिया के नेतुरिया थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने उत्तेजित लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया। अंततः पुलिस द्वारा हादसे में शामिल कथित ट्रक को पकड़े जाने के बाद ही आक्रोशित लोग शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments