कोलकाता :- उत्तर 24 परगना जिले के हाबड़ा थाने के बैरक से एक सब-इंस्पेक्टर (SI) का फंदे से लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक अधिकारी की पहचान विश्वनाथ सेन के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना के महेशतला के रहने वाले थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विश्वनाथ ने रविवार रात को भी अपनी ड्यूटी सामान्य रूप से की थी और उनके व्यवहार में कोई असामान्य बदलाव नहीं देखा गया था। सोमवार को हाबड़ा थाना परिसर स्थित बैरक में उनके आवंटित कमरे का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ। बार-बार आवाज देने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो सहयोगियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर विश्वनाथ को फंदे से लटका पाया गया। उन्हें तुरंत हाबड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि अभी तक किसी सुसाइड नोट या स्पष्ट वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह किसी पारिवारिक परेशानी, पेशेवर तनाव या मानसिक दबाव से जूझ रहे थे या नहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।



0 Comments