कुल्टी :- पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा के पास कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरांगी फांडी स्थित दुबुडीह चेकपोस्ट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) की पार्किंग में बुधवार को कोयले से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। इस घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे पूरे पार्किंग क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। ट्रक चालक मोहम्मद सिराज ने बताया कि वह वैध कागजातों के साथ झारखंड के निरशा से कोयला लेकर पश्चिम बंगाल के रानाघाट जा रहा था। दुबुडीह चेकपोस्ट के पास ट्रक खड़ा करते ही उसमें से अचानक तेज लपटें और धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं इतना बढ़ गया कि आसपास मौजूद अन्य चालकों और व्यापारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना तुरंत चौरांगी फांडी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच दमकल की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। समय पर आग पर नियंत्रण पा लिए जाने के कारण इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, पार्किंग में खड़े ट्रक में आग किन कारणों से लगी, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और कुल्टी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है।



0 Comments