रानीगंज के भाजपा नेता मनोज ओझा नई प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मनोनीत

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी समिति की घोषणा कर दी गई है। रानीगंज के वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज ओझा को भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने नए सदस्यों के नामों का औपचारिक ऐलान किया, जिसमें कुल 307 सदस्यों को जगह दी गई है। इस नई समिति में रानीगंज के वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज ओझा को भी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। अभी हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान मनोज ओझा ने पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भागीदारी की थी। 


रानीगंज के राम बगान निवासी मनोज ओझा को यह बड़ी जिम्मेदारी मिलने से उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी खुशी की लहर है। इस मनोनयन पर आभार व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्य मनोज ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं के समर्पण का उचित सम्मान होता है। मनोज ओझा ने भरोसा दिलाया कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments