रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में मनाया गया हिंदी दिवस

रानीगंज :- रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान, प्रेम और गौरव की भावना को बढ़ाना था। 


कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रिंसिपल मंदिरा दे एवं वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद उन्होंने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व पर अपने विचार साझा किए। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। प्राथमिक वर्ग के एक छोटे छात्र ने हिंदी की महत्ता पर अत्यंत प्रभावशाली भाषण दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सुमधुर कविताओं ने सभी का मन मोह लिया। विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने महान भारतीय शख्सियतों के जीवन और आदर्शों पर आधारित चरित्र-चित्रण प्रस्तुत कर उन्हें जीवंत कर दिया। 

समारोह के दौरान विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर बेहद सुंदर व संदेशप्रद चित्र बनाए। स्कूल की प्रिंसिपल मंदिरा दे जी ने हिंदी को राष्ट्र की अस्मिता और पहचान का प्रतीक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी दिनचर्या में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आग्रह किया और भाषा के संरक्षण में युवा पीढ़ी की अहम भूमिका पर जोर दिया।

Post a Comment

0 Comments