रानीगंज :- रानीगंज के वार्ड संख्या 36 अंतर्गत सुकांत पल्ली के बूथ संख्या 45 में शनिवार को जरूरतमंदों के बीच छाता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कार्यकारिणी समिति सदस्य रवि केसरी ने क्षेत्र का भ्रमण कर सैकड़ों असहाय और गरीब लोगों को छाते प्रदान किए। इस बारिश के मौसम में छाता पाकर स्थानीय लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए भाजपा नेता के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा नेता रवि केसरी ने कहा कि देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के अतुलनीय योगदान और उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की जा रही है। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत पूरे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के जनसेवा और कल्याणकारी कार्य आयोजित किए जाएंगे। रवि केसरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय वोट मांगने नहीं आते, बल्कि हर परिस्थिति में गरीब और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं। जनता की सेवा ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है और आने वाले दिनों में भी सेवा के यह प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।


0 Comments