रानीगंज :- रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पार्थ घोष ने क्षेत्र में जारी कुछ अनैतिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रानीगंज के विभिन्न इलाकों में चल रहे बेकानूनी और अनैतिक कार्यों पर उनकी पैनी नजर है। उन्होंने चेतावनी दी कि वर्तमान सरकार किसी भी प्रकार की असमाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाएगा, इसलिए सभी लोग कानून के दायरे में रहकर कार्य करें।
इसके साथ ही रविवार को विधायक पार्थ घोष ने रानीगंज के 91 नंबर वार्ड के गिरजा पाड़ा स्थित प्राचीन ताल तालाब का दौरा कर उसके जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि विगत विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से इस जर्जर तालाब की सफाई और जीर्णोद्धार कराने का वादा किया था। उसी वादे को पूरा करने की दिशा में उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ तालाब के जीर्णोद्धार, सफाई और आगामी दिनों में इसके सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि भविष्य में इसे दोबारा बदहाल होने से रोका जा सके।


0 Comments