रानीगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी

रानीगंज :- रानीगंज शहर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रानीगंज के प्रसिद्ध श्री श्री सीताराम जी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री कृष्ण का दूध, दही, शहद, घी और गंगाजल से पंचामृत अभिषेक किया गया। तत्पश्चात बालगोपाल का मनमोहक श्रृंगार कर भोग लगाया गया। मध्यरात्रि में महाआरती के बाद उपस्थित पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर सीताराम जी मंदिर कमेटी के विमल बाजोरिया, ललित झुनझुनवाला, विजय छाछरिया, अभिषेक बगड़िया सहित अन्य सदस्य व्यवस्था संभालने में तत्पर रहे। वहीं दूसरी ओर, शहर के एनएसबी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में भी जन्माष्टमी पर भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन गूंजते रहे और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से दोनों प्रमुख मंदिर प्रांगण पूरे दिन गुलजार रहे।

Post a Comment

0 Comments