मालदा :- सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सतर्क जवानों ने एक साहसिक और त्वरित राहत अभियान चलाकर गंगा नदी के तेज बहाव में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों की जान बचाई। बचाए गए लोगों में 3 बच्चे, 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। इनमें 30 दिन का एक नवजात शिशु भी शामिल था जिसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बीएसएफ जवानों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह घटना 12 सितंबर 2026 की शाम की है, जब मालदा सेक्टर अंतर्गत 71वीं बटालियन की सीमा चौकी खांडुआ के पास तैनात बीएसएफ जवानों ने कुछ लोगों को नदी के तेज बहाव में बहते और डूबते देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए स्पीड बोट की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बीएसएफ जवानों ने सभी 10 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
बचाए गए लोगों ने बताया कि वे बांग्लादेश के जोहारपुर गांव के निवासी हैं और चपैनवाबगंज से जोहारपुर जा रहे थे। पद्मा (गंगा) नदी पार करते समय उनकी नाव अचानक पलट गई, जिससे सभी लोग पानी में गिर गए और नदी के तेज बहाव के कारण बहकर भारतीय सीमा की ओर आ गए। घटना के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बीएसएफ ने सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 53वीं बटालियन के सुपुर्द कर दिया।



0 Comments