CM Suvendu Adhikari ने अचानक किया प्रेसीडेंसी जेल का निरीक्षण, आतंकवादी के पास मिला था आईफोन

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार दोपहर अचानक प्रेसीडेंसी जेल का निरीक्षण करने पहुंचे। दोपहर करीब 2:15 बजे जेल परिसर में आगमन के बाद उन्होंने सबसे पहले महर्षि अरविंद की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उस सेल का अवलोकन किया जहां महर्षि अरविंद को रखा गया था। इसके बाद उन्होंने जेल के एक वार्ड के बाहर से कैदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जेल के भीतर कैदियों की कार्यशाला का भी दौरा किया, जहां कपड़े और विभिन्न सामान तैयार किए जाते हैं। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। 

यह अचानक दौरा उस समय हुआ है जब हाल ही में अमेरिकी सूचना केंद्र (अमेरिकन सेंटर) पर हमले के मामले में सजा काट रहे आतंकवादी आफताब अंसारी की सेल से आईफोन सहित कई स्मार्टफोन, राउटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए थे। बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जेल विभाग के कुछ कर्मचारियों और अपराधियों की मिलीभगत पर सख्त चेतावनी दी थी तथा अनियमितताओं को खत्म करने की बात कही थी। पूर्व में भी तलाशी के दौरान 23 मोबाइल बरामद होने पर दो अधिकारियों को निलंबित किया गया था। आफताब अंसारी की सेल से मिले नए गैजेट्स के मामले की जांच अब कोलकाता पुलिस की एसटीएफ को सौंप दी गई है, और इस पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री के इस दौरे को राज्य सरकार की ओर से जेलों के भीतर से चल रहे आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने का एक कड़ा और स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments