कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के प्रतिभाशाली युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। राज्य सरकार ने 'स्वामी विवेकानंद मैरिट स्कॉलरशिप योजना' (SVMS) के व्यापक विस्तार की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्विट किया है कि इस ऐतिहासिक पहल के जरिए अब पश्चिम बंगाल के मेधावी छात्र बिना किसी वित्तीय बाधा के भारत और दुनिया के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों में स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्यूएस (QS) ओवरऑल रैंकिंग की टॉप 100 यूनिवर्सिटीज में प्रवेश पाने वाले छात्रों की 100% स्वीकृत ट्यूशन फीस और स्वास्थ्य बीमा का खर्च योजना द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अलावा, देश के प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश पाने वाले छात्रों को वस्तुनिष्ठ संस्थागत मानदंडों और रैंकिंग के आधार पर 100% तक स्वीकृत ट्यूशन फीस की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि युवाओं की प्रतिभा, योग्यता और महत्वाकांक्षा के रास्ते में वित्तीय तंगी कभी बाधा न बने। युवाओं के सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ शुरू की गई यह पहल बंगाल के होनहार छात्रों को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद करेगी।


0 Comments