कोलकाता :- बागेश्वर बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेता को शुक्रवार को पुलिस अलीपुर अदालत में पेश किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव अतनु दास को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। अपने पार्टी नेता का समर्थन करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार भी इस दौरान अदालत में मौजूद रहें। अतनु दास की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने राज्य भर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दुर्गा पूजा में मांसाहार करने पर बंगाल के लोगों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके विरोध में गत मंगलवार को दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भवानीपुर थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए उनकी तस्वीर जलाई थी। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कड़े निर्देशों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार रात दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव अतनु दास को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से परेशान करने, शांति भंग करने का प्रयास, धार्मिक व भाषाई आधार पर विभिन्न समूहों के बीच विद्वेष फैलाने और नफरत बढ़ाने जैसे कई गंभीर आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। भवानीपुर थाना पुलिस ने रात में कार्रवाई करते हुए अतनु दास को गिरफ्तार किया, जिसके बाद इस पूरी कार्रवाई पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।


0 Comments