कोलकाता (राम बाबू यादव) :- बालीगंज स्थित भारत सेवाश्रम संघ में 'कल्चरल एंड लिटरेरी फोरम ऑफ बंगाल' द्वारा आयोजित गणेश पूजा का शुभ उद्घाटन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा अर्चना एवं आरती की तथा उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने वामपंथी विचारधारा के नेताओं पर जमकर निशाना साधा और उन्हें वैचारिक संकीर्णता छोड़कर राज्य सचिवालय नबान्न में आकर विश्वकर्मा पूजा पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा 'परिवर्तन का स्वाद' चखने का खुला निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने सनातन परंपराओं और त्योहारों पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ लोग प्रांतीयता के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गणपति उत्सव केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातनी एकता का प्रतीक है और भाषा या क्षेत्र के नाम पर खड़ी की गई दीवारों को जनता ने ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने देशविरोधी ताकतों और 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से सतर्क रहने का भी आह्वान किया।
गौरतलब है कि कल्चरल एंड लिटरेरी फोरम ऑफ बंगाल के अध्यक्ष व पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी की पहल पर भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया गया है। विधायक जितेंद्र तिवारी ने बताया कि पिछले चार वर्षों से यह गणेश पूजा आयोजित की जा रही है। पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कड़े नियमों के कारण यह आयोजन चार दीवारों के भीतर सीमित था, लेकिन बीजेपी नई सरकार के सत्ता में आने के बाद अब इसे सार्वजनिक रूप से धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने इस गरिमामयी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।




0 Comments