Durgapur में सरकारी अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टरों से मारपीट के मामले में 6 लोग गिरफ्तार

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- इलाज में लापरवाही से मरीज की मौत के आरोप में अस्पताल में तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले के मामले में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई की। दुर्गापुर के बुदबुद के मानकर ग्रामीण अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टर, नर्स व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की घटना में शामिल होने के आरोप में 6 लोगों को बुदबुद थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को सभी को दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम भरत आकुरे, सुमन बाउरी, दीपक बाउरी, अमित बाउरी, राहुल बाउरी और शंकर आकुरे हैं। सभी मानकर के ही निवासी हैं। उनके खिलाफ सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़, ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।



घटना की शुरुआत शनिवार को हुई थी। मानकर निवासी 55 वर्षीय बुधन बाउरी को मानकर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज में लापरवाही से उसकी मौत का आरोप परिजनों ने लगाया। मरीज की मौत के बाद माहौल गरमा गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि अचानक यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। भीड़ ने अस्पताल के अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई।

सूचना मिलते ही बुदबुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। अस्पताल प्रबंधन की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शनिवार की रात की सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर छापेमारी कर इन छह लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments