दुर्गापुर :- निम्न दबाव (डिप्रेशन) के कारण हुई मूसलाधार बारिश से दुर्गापुर का आड़ा मोड़ इलाका पूरी तरह जलमग्न हो गया है। ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली के कारण सड़कों पर जलभराव हो जाने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी खुद मौके पर पहुंचे और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जमीनी मोर्चे पर उतर आए।
विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने स्थिति का जायजा लेते हुए बताया कि मुचिपारा इलाके से लेकर मिशन अस्पताल के सामने से बहकर आने वाला बारिश का पानी आड़ा मोड़ स्थित मुख्य ड्रेनेज नाले में आकर एकत्र होता है। लंबे समय से नाले की सफाई न होने और नालों के ऊपर अवैध रूप से दुकानें व दफ्तरों का निर्माण कर लिए जाने की वजह से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ गई है। इसके परिणामस्वरूप मामूली बारिश होते ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि समुचित ड्रेनेज व्यवस्था उपलब्ध न होने के बावजूद पंचायत द्वारा बहुमंजिला इमारतों के निर्माण की स्वीकृतियां दे दी गईं, जिससे समस्या और अधिक विकराल हो गई। इसके अलावा आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) की भूमि और नालों के ऊपर भी कई अवैध निर्माण करा लिए गए थे, जिससे सफाई कर्मियों का पहुंचना असंभव हो गया था। उन्होंने बताया कि विशेष पहल करते हुए इन तमाम अवैध निर्माणों को हटा दिया गया है और नाले की सफाई का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।



0 Comments