दुर्गापुर :- खाद्य सामग्री में मिलावट, घटिया गुणवत्ता और खान-पान से जुड़ी शिकायतों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। मंगलवार से शुरू हुए 'फूड सेफ्टी अवेयरनेस वीक' के अवसर पर दुर्गापुर के सिटी सेंटर बस स्टैंड से उपभोक्ता संरक्षण विभाग के एक विशेष झांकी (टैब्लो) का भव्य उद्घाटन किया गया। पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी पोन्नाम्बलम एस ने इस विशेष अभियान की शुरुआत की। इस दौरान दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और मिलावट से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। मंगलवार से ही आम नागरिक खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मिलावट से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शिकायत मिलते ही उस पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के तहत विशेष प्रशासनिक टीमें दुर्गापुर के विभिन्न इलाकों, होटलों, रेस्तरां और दुकानों का दौरा करेंगी। यह टीम भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और नियमों के पालन की जांच करेगी। कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आरोपी विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिलाधिकारी पोन्नाम्बलम एस ने कहा कि शिकायतें दर्ज करने के साथ-साथ हमारी टीम जगह-जगह औचक निरीक्षण भी करेगी, ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।


0 Comments