Durgapur में 'मासिक फंड' के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, सैकड़ों महिलाओं के पैसे लेकर 'चंपा' फरार

दुर्गापुर :- त्योहारों के ठीक पहले दुर्गापुर नगर निगम के 40 नंबर वार्ड अंतर्गत बीरभानपुर इलाके में महिलाओं के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बीरभानपुर की रहने वाली चंपा बाउरी नामक महिला पर आरोप है कि उसने ज्यादा ब्याज का लालच देकर 'मासिक फंड' के नाम पर क्षेत्र की 100 से अधिक महिलाओं से लाखों रुपये ऐंठ लिए और अब वह अचानक फरार हो गई है। मेहनत की कमाई डूबने से इलाके की आक्रोशित पीड़ित महिलाओं ने कोकओवेन थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई है।


मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी चंपा बाउरी पिछले कई सालों से इलाके की महिलाओं को मिलाकर एक मासिक फंड चला रही थी। आरोप है कि उसने महिलाओं को नियमित रूप से पैसे जमा करने पर भविष्य में मोटी रकम और ज्यादा ब्याज देने का आश्वासन दिया था। इसकी झांसे में आकर कोई घरेलू खर्च से बचत करके, कोई दिहाड़ी मजदूरी करके, कोई घरों में काम करके तो कोई छोटा-मोटा व्यवसाय करके उसके पास हर महीने पैसे जमा करती थीं। इस तरह वर्षों में 100 से अधिक महिलाओं से लाखों रुपये इकट्ठा कर लिए गए। लेकिन जब पैसे लौटाने का समय आया तो आरोपी महिला टालमटोल करने लगी और अंततः क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि अब आरोपी का फोन भी बंद आ रहा है।

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने मुश्किल वक्त में काम आने की उम्मीद से अपने खून-पसीने की कमाई बचाकर जमा की थी। पीड़ित महिला दीपा बाउरी ने बताया कि वे लोग मुसीबत के दिनों में मदद मिलने की उम्मीद में पैसे जमा करती थीं, लेकिन आरोपी सारे पैसे लेकर रफूचक्कर हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वे पैसे जमा करने में आनाकानी करती थीं, तो आरोपी उनके पतियों को फोन करके पैसे देने का दबाव बनाती थी। फिलहाल, पीड़ित महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनकी पूरी रकम वापस दिलवाई जाए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments