दुर्गापुर :- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक अभियान चलाया। सुबह से ही खाद्य सुरक्षा विभाग, दुर्गापुर नगर निगम, प्रवर्तन शाखा (एनफोर्समेंट ब्रांच), लीगल मेट्रोलॉजी, उपभोक्ता कल्याण विभाग और दुर्गापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चंडीदास, प्रांतिका, पांचमाथा मोड़ और बेनाचीती समेत कई प्रमुख बाजार क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न होटलों, रेस्तरां और खाद्य दुकानों में खाने की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की गई।
FSSAI के दिशा-निर्देशों के अनुसार भोजन के पैकेटों और भंडारण पर तारीख व समय अंकित करना अनिवार्य था, लेकिन कई दुकानदारों ने चेतावनियों के बावजूद इसका पालन नहीं किया। इसके अलावा, जिन दुकानों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था, वहां से बड़ी मात्रा में बासी मछली, सड़ा हुआ खाना और अनधिकृत फूड कलर जब्त कर नष्ट कर दिया गया। बिना वैध फूड लाइसेंस के चल रही दुकानों पर जुर्माना भी लगाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यवसायी को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्त किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




0 Comments