Durgapur में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने दुकानों से बरामद की सड़ी मिठाइयां और बासी सब्जियां

दुर्गापुर :- दुर्गापुर शहर में ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की आड़ में क्या सड़ा-गला और बासी भोजन दिया जा रहा था ? खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट) की ताजा छापेमारी में कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। भिरिंगी से बेनाचिती तक कई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में खराब खाना और बासी मिठाइयां बरामद की गईं।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव और स्वच्छता के मानकों की गहनता से जांच की। कई दुकानों के फ्रीजर खोलते ही अधिकारियों के होश उड़ गए, जहां लंबे समय से रखी हुई बासी तरकारियां और सड़ी-गली मिठाइयां जमा करके रखी गई थीं। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने उस पूरे खाने को तुरंत फिंकवा कर नष्ट करवा दिया।


कार्रवाई के दौरान दुकान मालिकों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई कि भोजन के भंडारण से लेकर बिक्री तक सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया कि आम लोगों की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में दुर्गापुर के अलग-अलग हिस्सों में यह छापेमारी जारी रहेगी।


दुर्गापुर नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर मृत्युंजय महतो ने बताया कि पूरे राज्य में यह अभियान चल रहा है। कई होटलों और दुकानों से बासी व सड़ा हुआ खाना मिला था, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई भी दुकानदार घटिया या बासी खाना बेचते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments