जामुड़िया :- जामुड़िया थाना क्षेत्र में एक बार फिर भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। बीते एक सप्ताह के भीतर इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में किसी बाइक सवार की जान जाने की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह यह दुर्घटना जामुड़िया मुख्य मार्ग के निमडांगा इलाके में घटी। मृतक व्यक्ति झारखंड के धनबाद का रहने वाला था और वह बाइक से जामुड़िया स्थित एक निजी कारखाने में अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान निमडांगा के पास सामने से आ रही एक मिनी बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक के नाम और विस्तृत पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी आक्रोशित हो उठे और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और बहस भी हुई। बाद में पुलिस ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच में जुट गई है।



0 Comments