कोलकाता :- देशभर में अवैध सट्टेबाजी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है। एक तरफ जहां ईडी ने अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म 'परीमैच' और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ महाराष्ट्र, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और गुजरात के 12 ठिकानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया है, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स वसूली में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर भी 7 राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है।
बुधवार की सुबह ईडी की टीमों ने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित देश के 7 राज्यों में स्थित कुल 14 ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी। इसी क्रम में केंद्रीय जांच एजेंसी की 6 सदस्यीय टीम ने केंद्रीय बल के जवानों के साथ कोलकाता के शेक्सपियर सारणी स्थित एक बहुमंजिला इमारत में धावा बोला। जांच अधिकारियों ने वहां स्थित एक कारोबारी के फ्लैट और कार्यालय में घंटों तक दस्तावेजों को खंगाला। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
टोल टैक्स में धांधली का यह मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दर्ज हुई एक एफआईआर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से टोल टैक्स वसूलने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस सॉफ्टवेयर के जरिए अनधिकृत टोल रसीदें जारी की जाती थीं और सरकारी राजस्व की चोरी करके करोड़ों रुपये की रकम को चालाकी से ठिकाने लगा दिया जाता था। चूंकि फर्जी सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा था, इसलिए यह हेरफेर सरकारी कागजातों में दर्ज नहीं हो पा रहा था।



0 Comments