Kulti में टोटो चालकों की पिटाई के आरोप को लेकर पुलिस फाड़ी में प्रदर्शन


कुल्टी :- दो टोटो चालकों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा पीटे जाने के आरोप को लेकर कुल्टी थाना के सांकतोड़िया पुलिस फाड़ी में जबरदस्त हंगामा हुआ। इस घटना को लेकर तनाव व्याप्त हो गया। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों और कांग्रेस नेताओं ने चौकी के भीतर ही बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। मिली जानकारी के अनुसार, एक विवाद के सिलसिले में साकतोरिया पुलिस फाड़ी की टीम ने दो टोटो चालकों को हिरासत में लिया था। आरोप है कि पुलिस चौकी में लाने के बाद दोनों चालकों के साथ जमकर मारपीट की गई। जैसे ही यह खबर सार्वजनिक हुई, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित लोगों का समूह सांकतोड़िया पुलिस फाड़ी पहुंच गया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। पुलिस फाड़ी परिसर में काफी देर तक हंगामा और विरोध का माहौल बना रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही आंदोलनकारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments