कोलकाता :- विधानसभा चुनावों से पहले ताबड़तोड़ रैलियां करने और भीषण गर्मी में अस्वस्थ होने के बावजूद राजनीति का मैदान न छोड़ने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को जल्द ही बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य 'महागुरु' मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल में 'सांस्कृतिक सलाहकार' (कल्चरल एडवाइजर) बनाया जा सकता है। न्यूटाउन में उत्तम कुमार फिल्म सेंटर के शिलान्यास समारोह के दौरान यह घोषणा की गई। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा कब होगी, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। बंगाल के सिनेमा जगत से मिथुन चक्रवर्ती का गहरा और लंबा नाता रहा है। कला व फिल्म जगत की हस्तियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे एक बेहद सराहनीय कदम बताया है।
कार्यक्रम में बोलते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने भी भरोसा जताया कि जो वादे किए गए हैं, वे जरूर पूरे होंगे। उन्होंने नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य को बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है और वह दी गई हर जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे। भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जो घोषणा की है, वह हर कोई जानता है। अब तक हर कोई हमारे मुख्यमंत्री को अच्छी तरह से जान चुका है—वह जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। वह अभी जो कुछ भी कह रहे हैं, वह पूरा होगा, और मेरे सहित हम सब मिलकर यह गारंटी देते हैं कि ऐसा जरूर होगा। इस नई जिम्मेदारी की घोषणा के बाद से ही सांस्कृतिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।



0 Comments