उद्योग-पूंजी निवेश के लिए MLA जितेंद्र तिवारी की बड़ी पहल, 27 सितंबर को 'पांडवेश्वर इंडस्ट्री एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026'


पांडेश्वर (राम बाबू यादव)
:- पांडवेश्वर को उद्योग और पूंजी निवेश के एक नए और भरोसेमंद केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में विधायक जितेंद्र तिवारी द्वारा एक बड़ी पहल की गई है। पांडेश्वर को औद्योगिक नक्शे पर उभारने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से आगामी 27 सितंबर को ‘पांडवेश्वर इंडस्ट्री एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। पांडवेश्वर से दूसरी बार विधायक निर्वाचित होने के बाद से ही जितेंद्र तिवारी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास, पूंजी निवेश और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में वे देश व राज्य भर के उद्योगपतियों और निवेशकों को पांडवेश्वर में अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

मंगलवार को हरीपुर स्थित विधायक सेवा केंद्र में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विधायक जितेंद्र तिवारी ने आगामी 27 सितंबर को आयोजित होने जा रहे ‘पांडवेश्वर इंडस्ट्री एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026’ की औपचारिक रूप से घोषणा की। कॉन्क्लेव के लिए नामी गिरामी उधोगपतियों व कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने उद्योगपतियों से पांडवेश्वर में निवेश करने का सीधा आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी उद्योग को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिन बुनियादी सुविधाओं की जरूरत होती है, वे सभी पांडेश्वर में बहुतायत में उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बड़े औद्योगिक निवेश के लिए उन्नत परिवहन और सुगम कनेक्टिविटी, पर्याप्त और भूमि, सुलभ जल व बिजली, कोयला आपूर्ति, कुशल और अकुशल श्रम शक्ति के साथ-साथ एक सुरक्षित और अनुकूल कानून व्यवस्था, प्रशासनिक वातावरण की आवश्यकता होती है। पांडवेश्वर में यह सभी अनुकूल स्थितियां और बुनियादी ढांचा पूरी तरह मौजूद हैं। विधायक ने कहा कि 'उद्योग आएगा, निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे' इसी सोच के साथ पांडवेश्वर के विकास की इस नई यात्रा में उद्योगपतियों, व्यापारियों और निवेशकों को एक साथ लेकर आगे बढ़ना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।

Post a Comment

0 Comments