हल्दिया :- पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले आगामी उप-चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। नंदीग्राम सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार हसीरानी रथ ने मंगलवार को एक विशाल जुलूस के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हसीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत पूर्व निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की मां हैं। नामांकन से पूर्व हल्दिया में आयोजित एक जनसभा में खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम की जनता से बड़ा वादा किया और कहा कि सभी को "छत, भात और काम" देना उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने अपनी पार्टी की जीत पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि वे चुनाव कराना बेहतर जानते हैं और बीजेपी इस बार ऐसी रिकॉर्ड मार्जिन से जीत हासिल करेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। गौरतलब है कि 6 अक्टूबर को होने वाले इन उपचुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर है। बीजेपी ने रेजीनगर सीट से अपने पूर्व जिलाध्यक्ष शाखावर सरकार को मैदान में उतारा है। वहीं नंदीग्राम में मुकाबला दिलचस्प हो गया है, जहाँ तृणमूल (कालीघाट) की ओर से संचिता प्रधान दे, कांग्रेस के मिलन प्रधान और सीपीआई के शांतिगोपाल गिरि चुनावी मैदान में हैं। चंद्रनाथ रथ की राजनीतिक हत्या के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी ने सहानुभूति और विकास के मुद्दे को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति तैयार की है।




0 Comments