आसनसोल :- देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा, त्याग और दूरदर्शी नेतृत्व को आम जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा-संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। इस संदर्भ में शीतला स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, अपूर्व हाजरा, संपा राय, मदन चौबे, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, राज्य समिति सदस्य व अभियान के प्रभारी विद्यासागर चटर्जी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल में अधिकांश कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि औद्योगिक जिले पश्चिम बर्धमान में 12 जनमुखी कार्यक्रम अपनाए गए हैं। इसके तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे राज्यभर में करीब डेढ़ करोड़ दीप जलाए जाएंगे, जबकि 'सेवा महायज्ञ' के अंतर्गत रक्तदान, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता अभियान जैसे 25 जनसेवा कार्य होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में दोनों मंत्रियों ने अपनी बात रखी। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले का हर परिवार अपने घर के सामने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दे। 2047 तक 'विकसित भारत' और 'विकसित बंगाल' बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन, संगठन और आम लोगों को एक सूत्र में बंधकर साथ चलना होगा।" वहीं, पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि इस एक महीने के महा-अभियान के जरिए पीएम मोदी के ढाई दशक की प्रशासनिक सफलताओं, जनकल्याणकारी नीतियों और विकास यात्रा को हर नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।





0 Comments