कोलकाता :- आरजी कर अस्पताल मामले में पीड़िता के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार और साक्ष्य मिटाने के आरोपों में गिरफ्तार पानीहाटी के पूर्व पालिका अध्यक्ष सोमनाथ डे की कोर्ट में पेशी के दौरान खड़दह थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ। भारी बारिश के बावजूद थाने के बाहर एकत्र सैकड़ों लोगों के उग्र प्रदर्शन का सामना पुलिस को करना पड़ा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सोमनाथ डे की सुरक्षा के लिए उनके सिर पर मोटरसाइकिल का हेलमेट पहना रखा था, फिर भी भीड़ ने उन पर कच्चे अंडे और ईंट-पत्थर बरसाए। इस दौरान बचाव में आए कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
आरजी कर घटना के बाद दर्ज नए मामले में दो अन्य आरोपी—पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष और पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी पहले से ही जेल में हैं। लंबे समय से फरार चल रहे सोमनाथ डे को गुरुवार को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद शुक्रवार तड़के उन्हें विमान से कोलकाता लाया गया। दोपहर में जब पुलिस उन्हें बैरकपुर अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही थी, तभी थाने के बाहर जुटी भीड़ ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रिजन वैन में ले जाते समय हुए इस हमले के बीच पुलिस किसी तरह सख्त सुरक्षा घेरे में आरोपी को बैरकपुर अदालत ले जाने में सफल रही। पुलिस अब आरजी कर मामले से जुड़े विभिन्न आरोपों में आगे की पूछताछ के लिए आरोपी को हिरासत में लेने की मांग कर रही है।


0 Comments