पुलिस के समन पर शेक्सपियर सारणी थाने में पेश हुए अभिषेक बनर्जी, TMC कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

कोलकाता :- कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में हुए हंगामे के मामले में पुलिस द्वारा जारी समन के बाद मंगलवार दोपहर तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी शेक्सपियर सारणी थाने में पेश हुए। वे दोपहर लगभग सवा बारह बजे थाने के बाहर पहुंचे और बारह बजकर सत्रह मिनट पर भीतर दाखिल हुए। उनके आगमन से पहले ही थाने के बाहर बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया था। कार्यकर्ताओं ने अभिषेक के खिलाफ साजिश रचे जाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। विवाद की शुरुआत गुरुवार दोपहर को हुई जब कोलकाता नगर निगम के अधिकारी कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय से एक अवैध और खतरनाक तरीके से लटके बिलबोर्ड को हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान अभिषेक बनर्जी और उनके समर्थकों ने निगम अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली, जिसके बाद वहां भारी अराजकता फैल गई। इस घटना में पुलिस और निगम कर्मियों के साथ मारपीट तथा महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं।

इस सिलसिले में शेक्सपियर सारणी थाने में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन, वैश्वानर चट्टोपाध्याय, पूर्व विधायक हुमायूं कबीर और सुमित राय को नोटिस भेजा था। सोमवार को तलब किए जाने पर डेरेक ओ ब्रायन उपस्थित नहीं हुए थे, जिसके बाद उन्हें दोबारा बुधवार के लिए समन भेजा गया है। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल नेताओं के वकील ने पुलिस पर एफआईआर ऑनलाइन अपलोड न करने का आरोप लगाते हुए इसे सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन बताया है और पलटवार करते हुए अवमानना का नोटिस भेजा है।

Post a Comment

0 Comments