जामुड़िया :- जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में गृहिणी का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान पांडवेश्वर इलाके के दबंग तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता नरोत्तम मंडल उर्फ निताई की पत्नी पम्पा मंडल (35-40 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए TMC नेता को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ससुराल के अंदर पम्पा मंडल का शव पूरी तरह अग्निदग्ध (झुलसी हुई) अवस्था में मिला। घटना की भनक लगते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जामुड़िया थाने की केंदा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से पति नरोत्तम मंडल को हिरासत में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नरोत्तम मंडल पांडेश्वर क्षेत्र में पार्टी के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह मामला महज आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश अथवा हत्या का कोण शामिल है। जामुड़िया पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती पूछताछ के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है।



0 Comments