गिरफ्तारी की आशंका से TMC सांसद कीर्ति आजाद ने खटखटाया कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा, अग्रिम जमानत की मांग

दुर्गापुर :- बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने रंगदारी और धमकी देने के आरोप में दर्ज एफआईआर के सिलसिले में गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए कोलकाता हाईकोर्ट का रुख किया है। सांसद कीर्ति आजाद के खिलाफ रानीगंज पुलिस स्टेशन में 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई गई है। सीआईडी इस पूरे मामले की छानबीन कर रही हैं। मामले में गिरफ्तारी की आशंका के चलते उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीगंज के रहने वाले राहुल घोष ने आरोप लगाया है कि पिछले वर्ष 21 मई को उन्हें दुर्गापुर स्थित सांसद के बंगले पर फोन करके बुलाया गया था। राहुल घोष का आरोप है कि वहां कीर्ति आजाद के एक सहयोगी ने उनसे 15 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर उनका कारोबार बंद करवाने की धमकी दी। 

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने अदालत को बताया कि घटना के दिन वह दुर्गापुर में मौजूद ही नहीं थे, जिसके सबूत के तौर पर उन्होंने अपनी हवाई यात्रा के टिकट और विवरण अदालत में प्रस्तुत किए हैं। अग्रिम जमानत याचिका में सांसद की ओर से तर्क दिया गया है कि घटना के लगभग 15 महीने बाद एफआईआर दर्ज कराई गई है, जो इस मामले के पीछे राजनीतिक मंशा की ओर इशारा करती है। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं है कि पैसे का लेन-देन हुआ भी था या नहीं। सांसद ने अदालत से कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है।

इसके अलावा, कीर्ति आजाद ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर एक अलग याचिका भी दायर की है। उच्च न्यायालय ने मामले को दायर करने की अनुमति दे दी है और इस सप्ताह न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष तथा न्यायमूर्ति कौशिक चंद की पीठों के समक्ष इन मामलों पर सुनवाई होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments