हावड़ा :- हावड़ा सिटी पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 13 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी (डीडी) राहुल मिश्रा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट इलाके में बाइक चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही थीं। इसी कड़ी में करीब दो सप्ताह पहले डोमजूर थाने में बाइक चोरी की एक शिकायत दर्ज हुई थी।
शिकायत के आधार पर डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की विशेष टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान एसके मसीबुल उर्फ मेनू निवासी कुलगछिया और मोनिरुल हुसैन मोल्ला निवासी उलूबेड़िया के रूप में हुई है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों ने कई चोरियों की बात कबूल की। पूछताछ के बाद पुलिस ने गुरुवार रात हावड़ा ग्रामीण क्षेत्र के श्यामपुर थाने के अंतर्गत मोनिरुल के गैरेज में छापा मारा और वहां से 13 चोरी की बाइकें बरामद कर लीं।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एसके मसीबुल पुराना अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। वहीं इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। बरामद बाइकों के असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है।



0 Comments