बीरभूम :- बीरभूम के मुरारई में फलों के रस और पीने के पानी की फैक्ट्री की आड़ में नकली विदेशी शराब बनाने के धंधे का पर्दाफाश हुआ है। हरिणपुर-जंगीपुर रोड किनारे टिन शेड वाली फैक्ट्री में आबकारी विभाग ने छापा मारकर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये मूल्य की शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। आबकारी पुलिस अधीक्षक तनय गुहा ने बताया कि बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 2.30 करोड़ है, जबकि मशीनों और उपकरणों की कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि पानी फैक्ट्री की आड़ में अवैध रूप से शराब बनाई जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर तनय गुहा के नेतृत्व में पाइकर और मुरारई थाने की सीमा पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें मुरारई थाने की पुलिस भी शामिल थी।
मौके पर पहुंचने पर फैक्ट्री में ताला बंद मिला और बाहर कोई बैनर या साइनबोर्ड नहीं लगा था। ताला तोड़कर तलाशी लेने पर विदेशी शराब की बोतलें, पैकेट, केमिकल, प्लास्टिक के ड्रम और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन सामानों से नकली शराब बनाई जा रही थी। यह धंधा कितने दिनों से चल रहा था और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह है, इसकी जांच जारी है।


0 Comments