कोलकाता :- बस का परमिट नवीनीकरण और परिवर्तन करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) के एक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) और उसके एक दलाल को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, STA के तहत एक बस के परमिट नवीनीकरण और बदलाव के लिए एक आवेदक से गलत तरीके से पैसे की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने पहले काम कराने के लिए 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। मोलभाव के बाद यह रकम 90 हजार रुपये तय हुई। हालांकि शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत सीधे राज्य भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से कर दी। शिकायत मिलते ही ACB ने जाल बिछाने की योजना बनाई और शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर रिश्वत की रकम के साथ दोनों आरोपियों को धर दबोचा। प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था। अब ACB यह पता लगाने में जुट गई है कि इस भ्रष्टाचार के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है और इसमें और कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल है या नहीं।

0 Comments