अंडाल :- रविवार सुबह जब पूरा बंगाल पूजा के रंग में सराबोर था, उसी समय अंडाल में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अंडाल मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में कार में सवार 2 लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी 7 लोग कीर्तन मंडली के सदस्य थे। वे दुर्गापुर से बराकर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंडाल के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे बस के पीछे जा घुसी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह अंदर धंस गया।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार को काटकर 7 लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, सुबह खाली सड़क पर तेज गति और नींद की झपकी इस हादसे की वजह हो सकती है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।



0 Comments