Asansol में भोजन की तलाश में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचा सुनहरे रंग का सियार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी के चट्टी रानीगंज गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक गोल्डन जैकाल (सुनहरे रंग का सियार) गांव के बाहर स्थित एक टूटे हुए बाथरूम में घुस गया। सुनहरे रंग के सियार को देख ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ कौतूहल भी फैल गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बाराबनी पुलिस को दी। पुलिस ने बिना देर किए वन विभाग को खबर दी। सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारी सुमंत दास के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने काफी सावधानी के साथ सुनहरे सियार को बिना किसी नुकसान के पकड़कर पिंजरे में बंद किया।


 रेस्क्यू के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।अधिकारियों के अनुसार, यह एक दुर्लभ प्रजाति का गोल्डन जैकाल है, जो संभवतः भोजन की तलाश में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में आ गया था। रेस्क्यू के बाद सियार को स्वास्थ्य जांच के लिए रूपनारायणपुर वन विभाग कार्यालय ले जाया गया। जांच के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग की तत्परता और ग्रामीणों की सूझबूझ से सियार को सुरक्षित बचाया जा सका। इस सफल रेस्क्यू की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

Post a Comment

0 Comments