Asansol में पकड़ा गया झारखंड से आ रहा कोयला लदा ट्रक, जांच में जुटी पुलिस

आसनसोल :- आसनसोल शिल्पांचल में कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। झारखंड से आ रहे कोयला लदे एक ट्रक को बराकर के डुबुरडीह चेकपोस्ट पर रोकने की कोशिश की गई। पुलिस के पीछा करने पर ट्रक ने पांचगछिया के जुबली इलाके में बैंक मोड़ पर पुरानी बैंक बिल्डिंग में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन कोयले की वैधता अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रक पर कोयला कहां से लदा था और उसे कहां भेजा जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और कोयले के कागजात व स्रोत की जांच की जा रही है।


घटना के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता प्रसेनजित पुइतंडी ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने चोरों को हटाकर साधुओं को सत्ता में लाया है, फिर भी रात के अंधेरे में कोयला-बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टर कैसे चल रहे हैं। उन्होंने निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाया। वहीं बाराबनी के भाजपा विधायक अरिजीत राय के भाई अभिजीत राय ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दिन के उजाले में ही ट्रक पकड़ा गया है, पुलिस नियम के मुताबिक काम कर रही है। आने वाले दिनों में नागरिकों को भी ऐसे मामलों में सहयोग करना चाहिए। 

Post a Comment

0 Comments