आसनसोल (राम बाबू यादव) :- राज्य के सबसे बड़े त्योहार दुर्गापूजा से पहले आसनसोल के रेलपार से सटे धादका इलाके में आगमनी यात्रा का आयोजन किया गया। धादका मोड़ से शुरू हुई इस शोभायात्रा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ढाक की गूंज और शंखध्वनि के बीच पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। यात्रा का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा और विभिन्न देवियों के रूप में सजी छोटी-छोटी बच्चियां रहीं, जिन्होंने अपने श्रृंगार और भाव से सभी का मन मोह लिया। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर मां के आगमन का स्वागत किया। यह आगमनी यात्रा पूर्व पार्षद चैताली तिवारी के सौजन्य से आयोजित की गई थी। इस अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, पूर्व पार्षद चैताली तिवारी, गौरव गुप्ता, किशोर कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने मां दुर्गा से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूर्व पार्षद चैताली तिवारी ने कहा कि आगमनी यात्रा के माध्यम से हम मां दुर्गा के आगमन का संदेश घर-घर तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपरा को अगली पीढ़ी से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं और बच्चियों को देवी रूप में देखकर सभी में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।




0 Comments