Durgapur में गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, बैंक अकाउंट से उड़े 56,600 रुपये

दुर्गापुर :- गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर फोन कर बैंक अकाउंट से पैसे उड़ाने का मामला सामने आया है। दुर्गापुर के विधाननगर निवासी समीरन विश्वास इस साइबर ठगी के शिकार हुए हैं। आरोपियों ने दो बार में उनके खाते से कुल 56 हजार 600 रुपये निकाल लिए।

पीड़ित के अनुसार 4 अक्टूबर को सी-4, कवि जसीमुद्दीन पद, सेक्टर टू-ए, विधाननगर स्थित उनके पास गैस कनेक्शन अपडेट करने के नाम पर फोन आया। बातों में फंसाकर ठगों ने उनसे बैंक से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। इसके तुरंत बाद उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। पहली बार में केनरा बैंक के अकाउंट से 55 हजार रुपये और दूसरी बार में 1 हजार 600 रुपये निकाले गए। पैसे कटने का मैसेज मिलते ही समीरन ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कई बैंकों के अधिकारियों से बात कर अपना डेबिट कार्ड भी ब्लॉक कराया। बाद में न्यू टाउनशिप थाने में लिखित शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैस कनेक्शन या किसी अन्य सेवा के नाम पर अनजान नंबर से आए फोन पर बैंक की गोपनीय जानकारी, ओटीपी या पिन कभी साझा न करें।

Post a Comment

0 Comments