दुर्गापुर :- आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काम रुकवा दिया है। घटना दुर्गापुर के कांकसा स्थित बामुनारा इलाके की है। पुलिस अधिकारी ने निर्माणकर्ता को फोन पर स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक जमीन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते, तब तक किसी भी सूरत में निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बामुनारा इलाके में एडीडीए की सरकारी जमीन पर कथित तौर पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही भाजपा के मंडल अध्यक्ष शुभाशीष मुखर्जी ने कड़ा विरोध जताया और तुरंत पुलिस प्रशासन को मामले की सूचना दी। शिकायत मिलते ही मलानदिघी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने निर्माण कार्य में लगे राजमिस्त्रियों से जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज मांगे। इसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने निर्माणकर्ता को फोन कर सख्त लहजे में कहा कि जमीन के वैध कागज दिखाएं, वरना काम तुरंत बंद करें। बिना जांच के निर्माण जारी नहीं रहेगा। पुलिस के इस कड़े रुख को देखते हुए कामगारों ने तुरंत निर्माण कार्य रोक दिया। मामले में प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभाशीष मुखर्जी ने कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ पार्टी की स्पष्ट 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करने के लिए पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया और चेतावनी दी कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



0 Comments