दुर्गापुर :- इस्पात नगरी दुर्गापुर में दुर्गा पूजा की धूम के बीच चंडीदास राजेंद्र प्रसाद सार्वभौम दुर्गा पूजा पंडाल में उस वक्त जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी जब टॉलीवुड के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी वहां पहुंचे। अपने चहेते अभिनेता की एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक पंडाल में जमा हो गए। गाने और अपनी बातों के जादू से प्रसेनजीत ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने प्रशंसकों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। आयोजकों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया और सम्मानित किया गया। इस वर्ष यह प्रसिद्ध पूजा अपने 66वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। समाजसेवी पारिजात गंगोपाध्याय की पहल पर आयोजित इस पूजा को लेकर पूरे इलाके में भारी उत्साह है। अपनी भव्यता और सामाजिक कार्यों के लिए यह पूजा हर साल आकर्षण का केंद्र रहती है। मंच से प्रशंसकों को संबोधित करते हुए प्रसेनजीत चटर्जी ने कहा, जब तक मैं जीवित रहूंगा, अपनी कला और अभिनय के माध्यम से आप सभी के दिलों में जीवित रहूंगा। उनके इस संवाद पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। उनकी मौजूदगी से उत्सव का उत्साह कई गुना बढ़ गया।


0 Comments