सिलीगुड़ी :- पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ छह अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। गुरुवार सुबह से ही केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों की टीमों को शहर के विभिन्न इलाकों में देखा गया, जिसके बाद से पूरे शहर के कारोबारी वर्ग और आम लोगों में हलचल मच गई। सूत्रों के अनुसार, ED अधिकारियों की टीम शहर के बर्दवान रोड स्थित संदीप बैद नामक व्यक्ति के आवास पर पहुंची और काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने वित्तीय लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात और अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच की। इसके अलावा, सिलीगुड़ी के चर्चित सुपारी कारोबारी धीरज घोष के ठिकाने पर भी ED की टीम ने दबिश देकर जांच-पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। हालांकि, यह छापेमारी किस विशिष्ट मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है और तलाशी के दौरान क्या-क्या सामग्री जब्त की गई है, इस संबंध में ED की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल जांच एजेंसी की इस अचानक हुई कार्रवाई को लेकर शहर भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।


0 Comments