कोलकाता :- बड़े पर्दे के 'मिनिस्टर फाटाकेष्टो' अब हकीकत में पूर्ण मंत्री के दर्जे पर पहुंच गए हैं। फिल्म में वे गृह मंत्री की भूमिका में थे, अब पश्चिम बंगाल सरकार ने अभिनेता-राजनेता मिथुन चक्रवर्ती को कैबिनेट मंत्री के समतुल्य पद दिया है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार मिथुन चक्रवर्ती को राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग का सलाहकार नियुक्त किया गया है। अधिसूचना में साफ कहा गया है कि यह पद कैबिनेट मंत्री के समकक्ष होगा। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी। मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा हस्ताक्षरित इस अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल के आदेश और संबंधित प्राधिकरण की मंजूरी के आधार पर यह नियुक्ति की गई है।
गौरतलब है कि वर्तमान में सूचना एवं संस्कृति विभाग मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास है। सलाहकार के तौर पर मिथुन की भूमिका क्या होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन नई सरकार बनने के बाद टॉलीपाड़ा से जुड़ी कई अहम बैठकों में उनकी मौजूदगी रही है। 16 दिसंबर से शुरू हो रहे कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए बनी कमेटी के मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी भी उन्हें पहले ही दी जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि मिथुन चक्रवर्ती ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था। इससे पहले वे तृणमूल के टिकट पर राज्यसभा सांसद रह चुके हैं, हालांकि कार्यकाल पूरा होने से पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। पिछले पांच सालों में वे भाजपा के स्टार प्रचारक के तौर पर सक्रिय रहे हैं।


0 Comments