रानीगंज में चोरी की 2 वारदातों का पर्दाफाश, लाखों के आभूषण व कैश समेत 3 गिरफ्तार


रानीगंज :- रानीगंज थाना पुलिस की पीसी पार्टी ने एक शातिर और पेशेवर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बांकुड़ा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बांकुड़ा जिले के केठारडांगा (आश्रमपाड़ा) निवासी शमीम मंडल, ताज मोहम्मद और रफीक खान के रूप में हुई है। यह गिरोह विशेष रूप से डिजाइन किए गए 'मुड़े हुए शाबलों' का उपयोग कर मजबूत से मजबूत ताले और लोहे व लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियां तोड़कर लूटपाट को अंजाम देता था। पुलिस ने इनके पास से चोरी के लगभग 50 ग्राम सोने के गहने, 500 ग्राम चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।



जानकारी के अनुसार, गत 6 जनवरी को रानीगंज के गिरजापाड़ा स्थित चांदमारी डांगा निवासी मलय कर्मकार और पीला फैक्ट्री क्षेत्र के विनोद कुमार झा के खाली घरों में चोरी हुई थी। रानीगंज थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर इंचार्ज विकास दत्त के नेतृत्व में पीसी पार्टी के अधिकारियों प्रितम पाल और परवेज आलम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को चोरों के कुछ सुराग हाथ लगे। मंगलवार रात जब यह गिरोह दोबारा रानीगंज में सक्रिय हुआ, तो पुलिस ने पीछा किया। आरोपी रात भर छिपते रहे और अंडाल रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के भीतर भी छिपे, लेकिन अंततः पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर इन्हें बांकुड़ा के केठारडांगा इलाके से दबोच लिया।

बुधवार को आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे टेंसिल पाती, प्लास, हथौड़ी, संडासी और दो अजीबोगरीब मुड़े हुए शाबल बरामद किए। पुलिस का मानना है कि इन विशेष शाबलों की मदद से यह गिरोह पलक झपकते ही घरों के ताले तोड़ देता था। 

कार्यमुक्त होने से पूर्व इंस्पेक्टर इंचार्ज विकास दत्त ने कहा कि यह सफलता पूरी टीम की तत्परता और बेहतर समन्वय का परिणाम है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बांकुड़ा के इस गिरोह ने क्षेत्र में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Post a Comment

0 Comments