शांतिनिकेतन में होटल से 50 ताजा बम बरामद होने से हड़कंप, 7 लोग हिरासत में

बीरभूम :- रविवार को बोलपुर के प्रांतिक इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर लगभग 50 ताजा बम और बम बनाने की सामग्री बरामद की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के भीतर ही बम बांधने का काम चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रिकी अग्रवाल के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर बमों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।


इस मामले में अब तक सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। यह होटल बोलपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 में स्थित है, जिसे लेकर अब राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह होटल सत्ताधारी दल के करीबी नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में बमों की बरामदगी ने पर्यटकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन बमों का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश या हिंसा के लिए किया जाना था। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह होटल राज्य के एक मंत्री के करीबी नेता का बताया जा रहा है। बम बरामदगी के इस मामले में शांतिनिकेतन थाना पुलिस ने कम से कम 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। ​गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी होटल में देह व्यापार (मधुचक्र) चलाने के आरोप में राजू मुल्ला नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वर्तमान बम कांड में भी उसकी कोई भूमिका है या नहीं।

Post a Comment

0 Comments